बढ़नी सिद्धार्थ नगर /
बढ़नी में ओवरब्रिज निर्माण बना ग्रामीणो के लिए मुसीबत ,वादे के बाद भी सड़कें खस्ताहाल, प्रधान किस्मत अली के नेतृत्व में ग्रामीणों का फूटा गुस्स ।
नगर पंचायत बढ़नी के पास चल रहा ओवरब्रिज का निर्माण अब स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। ओवरब्रिज निर्माण के कारण इससे सटे जिगनिहवा उर्फ़ धनौरी और आसपास के गांवों की संपर्क सड़कें भारी वाहनों और डंपरों की आवाजाही से पूरी तरह टूट चुकी हैं। निर्माण एजेंसी ने अप्रैल-मई तक इन सड़कों को दुरुस्त करने का वादा किया था, जो पूरी तरह खोखला साबित हुआ। अब जबकि मानसून दस्तक देने वाला है, सड़कों की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवाकर उग्र प्रदर्शन किया।धूल का गुबार और जानलेवा गड्ढे ओवरब्रिज निर्माण में लगे भारी ट्रकों के कारण धनौरी गांव की मुख्य सड़क मलबे और गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। तेज धूप में उड़ने वाली धूल से सांस लेना दूभर हो गया है, वहीं हल्की बारिश के बाद तो राहगीरों और बाइक सवारों का इन रास्तों से गुजरना मुश्किल हो गया है ।

आए दिन लोग यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं। काम अब भी अधूरा ग्रामीणों ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने आश्वस्त किया था कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले, यानी अप्रैल या मई के महीने तक सड़क का सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण कर दिया जाएगा। मई का महीना समाप्त होने को है, लेकिन वादे के मुताबिक काम पूरा करना तो दूर, इसे ढंग से शुरू भी नहीं किया गया है। सड़क की मरम्मत न होने और आगामी बरसात में गांवों के पूरी तरह अलग-थलग पड़ जाने के डर से धनौरी उर्फ जिगनिया गांव के प्रधान किस्मत अली उर्फ राजू के नेतृत्व में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम रुकवाया और कार्यदायी संस्था व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । प्रधान किस्मत अली और उपस्थित ग्रामीणों ने साफ कहा कि ठेकेदार अपनी मनमानी बंद करे। यदि मानसून के आने से पहले पक्की सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीण मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर इन गहरे गड्ढों को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो पहली ही बारिश में पूरी सड़क पर जलभराव हो जाएगा। ऐसे में धनौरी और आसपास के गांवों का संपर्क बढ़नी से पूरी तरह कट जाएगा और क्षेत्र में कोई भी आपातकालीन वाहन या एम्बुलेंस तक नहीं आ पाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने मांग की है।प्रदर्शन में ये लोग रहे मुख्य रूप से शामिल प्रधान किस्मत अली के सुर में सुर मिलाते हुए विरोध प्रदर्शन में पूर्व बीडीसी मोहम्मद अयूब पूर्व बीडीसी अब्दुल रज्जाक बाबुल्लाह, सारुख, सफीक, सलमान, रोसन अली, महफुज, इम्तियाज, मुसाफिर, क्रिसना, अजमल, अकमल, अख्तर, कलीम, सुड्डु, फिरोज, विरोज कोली, माजन, अधिक अली, अरमान, अब्दुल्ला, वसीम, गोली और बजरंगी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकजुट नजर आए।



