श्याम देव यादव / बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
विकास खण्ड बढ़नी तुलसियापुर के मधवापुर मछली मंडी में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ निर्माणाधीन गेट की ढलाई के दौरान गेट अचानक भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में कार्य की गुणवत्ता को लेकर भारी आक्रोश है।
इस दुखद खबर की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माननीय माता प्रसाद पांडेय और शोहरतगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी व वरिष्ठ नेता उग्रसेन सिंह ने तत्काल पीड़ित परिवार के घर का दौरा किया। दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।

“एक गरीब मजदूर की इस तरह असमय मौत बेहद हृदयविदारक है। निर्माणाधीन गेट का गिरना सीधे तौर पर लापरवाही का नतीजा है। हम इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।”
— नेताओं का संयुक्त बयान
प्रशासन से मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग
मुलाकात के दौरान पूर्व प्रत्याशी उग्रसेन सिंह और माता प्रसाद पांडेय जी ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है की कि मृतक के आश्रितों को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।

निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच हो।
दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।
इस दौरान क्षेत्र के तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को दोहराया।



