बढनी / सिद्धार्थनगर
बढ़नी कस्बे के तिरंगा चौराहा पर कांग्रेस पार्टी द्वारा “ग्रेट निकोबार बचाओ, कॉरपोरेट लूट रोको” अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी एवं ब्लॉक अध्यक्ष इश्तियाक चौधरी ने किया। इस दौरान कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अभियान के माध्यम से लोगों को ग्रेट निकोबार द्वीप के पर्यावरणीय महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए हस्ताक्षर एकत्र किए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रेट निकोबार केवल एक द्वीप नहीं, बल्कि देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। वहां होने वाली बड़ी परियोजनाओं से पर्यावरण और जैव विविधता पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और प्रकृति के संरक्षण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने वाली नीतियों से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है, जिसे रोकना समय की मांग है।
ब्लॉक अध्यक्ष इश्तियाक चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित, पर्यावरण संरक्षण और देश की प्राकृतिक संपदाओं की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में शामिल लोगों ने बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर किए और पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास का समर्थन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और प्रकृति को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रेट निकोबार बचाओ, कॉरपोरेट लूट रोको: बढ़नी में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
प्रतिक्रिया दिनुहोस्



